भारतीय वायुसेना के पूर्व अधिकारी डॉ. रविंद्र नाथ सिंह को HRPC राष्ट्रीय मानवाधिकार पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया
Awardह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन सेल (HRPC) के अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार अधिवेशन 2025 में HRPC शिक्षा प्रकोष्ठ के माननीय अध्यक्ष डॉ. रविंद्र नाथ सिंह को HRPC राष्ट्रीय मानवाधिकार पुरस्कार 2025 प्रदान किया गया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार भारत के उन उत्कृष्ट व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर मानवाधिकारों के प्रचार, संरक्षण एवं मानवता की सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।
डॉ. रविंद्र नाथ सिंह का कार्यक्षेत्र अत्यंत व्यापक है—भारतीय वायुसेना में 23 वर्ष तक तकनीकी अधिकारी के रूप में सेवा, आयकर विभाग में 15 वर्ष तक अन्वेषण एवं जाँच अधिकारी के रूप में योगदान तथा वर्ष 2024 में सेवानिवृत्ति के बाद भी समाजसेवा में सक्रियता। वे आर्म्ड फोर्सेज वेटरन्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के मध्य प्रदेश उपाध्यक्ष तथा क्राइम रिफॉर्म एसोसिएशन के सक्रिय सदस्य हैं। इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) में एम.बी.ए., एम.कॉम. एवं अर्थशास्त्र के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अकादमिक काउंसलर के रूप में शिक्षा प्रसार में निरंतर योगदान दे रहे हैं। उनकी शैक्षणिक योग्यताएं पी.एच.डी. (अर्थशास्त्र), बी.एस-सी., एम.ए. (अर्थशास्त्र), एम.बी.ए., एम.एड., इंजीनियरिंग (इलेक्ट्रॉनिक्स), एल.एल.बी., आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, लॉ एंड जस्टिस (नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी) तथा साइबर लॉ एवं साइबर फॉरेंसिक के अध्ययन से समृद्ध हैं। विभिन्न संस्थानों में 200 से अधिक अकादमिक काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित करने तथा वर्ष 2020 में मध्य प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सम्मानित होने के साथ ही वित्तीय एवं कर विषयों पर लेखन तथा वंचित वर्गों को नि:शुल्क विधिक सलाह प्रदान करना उनकी सामाजिक न्याय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
HRPC अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार अधिवेशन 2025 में भारत सहित विश्व की चुनिन्दा हस्तियों को सम्मानित किया गया है जिन्होंने इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डॉ. रविंद्र नाथ सिंह का यह सम्मान शिक्षा, विधिक सहायता एवं समाजसेवा के माध्यम से मानवाधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरणादायी है, जो दर्शाता है कि बहुमुखी अनुभव एवं समर्पण से समाज के वंचितों तक शिक्षा एवं न्याय पहुंचाया जा सकता है।
