ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन सेल जिला मंडला एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में मंडला जिला जेल में विधिक जागरूकता शिविर का सफल आयोजन
News

ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन सेल, जिला मंडला एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में मंडला जिला जेल में निरुद्ध बंदियों के लिए एक विधिक जागरूकता एवं पुनर्वास उन्मुख शिविर का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन सेल, मध्य प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शिखा श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
उक्त जागरूकता शिविर का उद्देश्य बंदियों को अपराध प्रवृत्तियों से दूर रखते हुए उन्हें उनके संवैधानिक अधिकारों, विधिक सहायता के प्रावधानों तथा पुनर्वास संबंधी उपायों से अवगत कराना था। कार्यक्रम का आयोजन जेलर श्री संजय सहलाम, डिप्टी चीफ डिफेंस काउंसिल श्री एम. वाई. खोखर एवं अधिवक्ता श्री धर्मेंद्र धारवे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शिखा श्रीवास्तव द्वारा बंदियों को ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन सेल की भूमिका, उद्देश्यों एवं मानवाधिकार संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा यह आश्वस्त किया गया कि मानवाधिकारों की रक्षा हेतु HRPC की टीम सदैव उनके साथ खड़ी है।
डिप्टी चीफ डिफेंस काउंसिल श्री एम.वाई. खोखर द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं, लोक अदालत, जमानत एवं अपील संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी गई तथा बंदियों की व्यक्तिगत एवं विधिक समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
अधिवक्ता श्री धर्मेंद्र धारवे ने बंदियों से उनके प्रकरणों के संबंध में संवाद स्थापित कर आवश्यक कानूनी मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन सेल द्वारा महिला बंदियों को वस्त्र एवं जेल में रह रहे बच्चों को ड्राइंग किट भेंट कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया गया।
इस अवसर पर ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन सेल की सक्रिय सदस्यगण श्रीमती रागिनी तिवारी, मनीषा ठाकुर, सरिता महान, शिल्पी चौरसिया, आशा मर्सकोले, प्रीति श्रीवास, सरोज सोनी, पूनम सोनी एवं भव्या सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
यह जागरूकता शिविर मानवाधिकार संरक्षण, विधिक सशक्तिकरण एवं सामाजिक पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल सिद्ध हुआ।
